बिजली की अघोषित कटौती के खिलाफ पैंथर्स पार्टी ने विभाग के कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। बिजली की अघोषित कटौती के खिलाफ मंगलवार को पैंथर्स पार्टी इंडिया ने पूर्व शिक्षा मंत्री हर्ष देव सिंह के नेतृत्व में विभाग के कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग हाय-हाय, स्मार्ट मीटर हाय-हाय और बिजली बिलों के नाम पर लूटखसूट बंद करो के नारे लगा कर रोष जताया।
पूर्व शिक्षा मंत्री ने कहा कि जिलाभर में लगातार बिजली की अघोषित कटौती की जा रही है, जिससे लोग परेशान है। विभाग के अधिकारी मूकदर्शक बनकर तमाशा देख रहे हैं। लोगों को भारी बिजली बिल भेजकर लूटा जा रहा है। बिजली कटौती की कोई निर्धारित सीमा ही नहीं है।
उन्होंने कहा कि जनता से वादा किया गया था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद लोगों को बिजली कटौती की समस्या का समाना नहीं करना पड़ेगा, लेकिन आज भी समस्या जस के तस है। 24 घंटे बिजली मुहैया करवाने के दावे कर सरकार भी लोगों को गुमराह कर रही है। मीटर चेक किए बिना ही लोगों को फ्लैट रेट लगाएं जा रहे हैं। जिनके घरों में दो-दो बल्ब लगे हैं उनको भी महीने का एक-एक हजार रुपये का बिल दिया जा रहा है।
यह निंदनीय है, जिसे सहन नहीं किया जा सकता है। भाजपा सरकार लोगों को बिजली बिल के नाम पर प्रताड़ित कर रही है। अगर जल्द ही लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पैंथर्स पार्टी बिजली विभाग और प्रशासन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबर होगी।