संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ब्लॉक जगानू के भुगतयरान प्राइमरी हेल्थ सेंटर (पीएचसी) पर मरीजों के खून की जांच के लिए लैब तो बनाई गई है लेकिन लैब में तकनीशियन सप्ताह में एक बार ही आता है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस पीएचसी पर चार पंचायतों के लोग स्वास्थ्य सुविधा के लिए निर्भर हैं। यहां हर प्रकार की सुविधा होनी चाहिए। हालांकि सेंटर में स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए आने वाले मरीजों को टेस्ट करवाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार स्थानीय लोग व पूर्व नायब सरपंच विभाग के अधिकारियों से लैब में तकनीशियन की आ रही समस्या का समाधान करने की गुहार लगा चुके हैं लेकिन आज तक सिवाए आश्वासन के कुछ नहीं मिला।
पूर्व नायब सरपंच संजय सिंह का कहना था कि लैब तकनीशियन के सप्ताह में एक बार आने से लोगों को अपने टेस्ट करवाने के लिए या तो जीएमसी उधमपुर या फिर प्राइवेट क्लीनिकों में जाना पड़ रहा है। इतना ही नहीं पीएचसी में स्टाफ की भी कमी है। ज्यादातर क्षेत्र के लोग जीएमसी उधमपुर जाकर इलाज करवाने पर मजबूर हैं। उन्होंने एक बार फिर से विभाग से जल्द से जल्द पीएचसी में लैब तकनीशियन को स्थायी तौर पर लगाने की मांग की है।
कोट...
पीएचसी भुगतयरान में लैब तकनीशियन सप्ताह में एक बार क्यों आ रहा है इसकी जांच की जाएगी। यहां स्थायी तौर पर लैब तकनीशियन की तैनाती के साथ स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए उच्च अधिकारियों को कहा जाएगा।
-सुनील भारद्वाज, विधायक रामनगर