जीएमसी डोडा से जम्मू ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम, लोगों ने प्रदर्शन कर जताया रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
भद्रवाह। चोबिया संपर्क मार्ग पर बाइक की टक्कर से घायल महिला की जीएमसी डोडा से जम्मू ले जाते समय वीरवार को रास्ते में मौत हो गई है। उसकी पहचान बिमला डोगरा पत्नी जोगिंदर पाल डोगरा निवासी गणपत बाजार भद्रवाह के रूप में हुई है। वहीं, क्षेत्रवासियों ने प्रदर्शन कर स्टंट करने वाले बाइकर्स के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।
जानकारी के अनुसर बुधवार को चोबिया संपर्क मार्ग पर आईसीआईसीआई बैंक भद्रवाह के पास एक बाइक ने बुजुर्ग महिला को टक्कर मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला को एसडीएच भद्रवाह में प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी डोडा स्थानांतरित किया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर वीरवार दोपहर को जीएमसी जम्मू रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में महिला की मौत हो गई। उधर, महिला की मौत की सूचना के बाद भद्रवाह में लोगों ने स्टंट बाइकर्स के खिलाफ प्रदर्शन किया। सनातन धर्म सभा भद्रवाह के अध्यक्ष वृंदर राजदान, वाईएसी के अध्यक्ष नसीर महबूब, नीरज मन्हास सहित कई लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। एएसपी विनोद शर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर बाइक को जब्त कर लिया है। जल्द ही उसे अदालत में पेश किया जाएगा। भद्रवाह और आसपास के क्षेत्र में स्टंट बाइकर्स के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।