संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। उत्तरी कमान मुख्यालय उधमपुर में सिग्नल कोर का 114वां स्थापना दिवस मनाया गया। 15 फरवरी 1911 को स्थापना के बाद से कोर ने भारतीय सेना की संरचनाओं को विश्वसनीय, मजबूत और सुरक्षित संचार सहायता प्रदान की है।
स्थापना दिवस पर उत्तरी कमान में सिग्नल इकाइयों ने अपने-अपने यूनिट स्थानों पर इस अवसर का जश्न मनाया। अधिकारियों, जूनियर कमीशन अधिकारियों, अन्य रैंकों, दिग्गजों और उनके परिवारों ने समारोह में भाग लिया। उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (जीओसी-इन-सी) लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने ध्रुव सिग्नलर्स की सराहना की। साथ ही भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए अपने कौशल को और निखारने का आग्रह किया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रौद्योगिकी अवशोषण वर्ष 2024 में कोर नई प्रौद्योगिकियों और नई पीढ़ी के उपकरणों को अपनाने में सबसे आगे रहा है। कोर के कर्मियों ने चुनौतीपूर्ण इलाके, मौसम और ऊंचाई में संचार सहायता को मजबूत करने के लिए उच्च स्तर की व्यावसायिकता का प्रदर्शन किया है। इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर और सिग्नल इंटेलिजेंस इकाइयों द्वारा आतंकवाद विरोधी अभियानों में वास्तविक समय पर कार्रवाई योग्य इनपुट प्रदान करने और हमारे विरोधियों के खिलाफ दृढ़ सीमा प्रबंधन कार्रवाइयों के दौरान महत्वपूर्ण योगदान दिया गया है।