पौनी। रियासी के धर्माडी में शिव मंदिर में तोड़फोड़ मामले को लेकर पौनी कस्बे का मुख्य बाजार बंद रहा। दुकानदार और स्थानीय लोगों ने टायर जलाकर प्रदर्शन किया। बंद के दौरान वाहनों की आवाजाही बंद रही। हालांकि कटड़ा से शिवखोड़ी की ओर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की गाड़ियों को चलने दिया गया।
प्रदर्शनकारी रोष रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए तहसील कार्यालय तक पहुंचे। यहां नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि जल्द से जल्द जिला प्रशासन इन शरारती तत्वों को पकड़ कर सलाखों के पीछे धकेले। इस मौके पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान दीदार सिंह, पूर्व सरपंच माड़ी नाला प्रकाश सिंह, पूर्व नायब सरपंच लैड बलविंदर सिंह, भाजपा मंडल प्रधान अजय सेठ, अजीत राम, सुखविंदर सिंह, विमल शर्मा, सुनील शर्मा, मुकेश सिंह, देविंद्र शर्मा, भरत रैना, हिमांशू गंडोत्रा आदि मौजूद रहे।