सांकरी मेले का शुभारंभ करते डीसी पीयूष सिंगला।
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर/पंचैरी। पंचैरी तहसील के मीर गांव में तीन दिवसीय एतिहासिक सांकरी देवता मेला का मंगलवार को उद्घाटन समारोह के साथ शुभारंभ हुआ। पहले दिन राज्य के शहर व ग्रामीण इलाकों से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मेला स्थल पर पहुंच कर सांकरी देवता मंदिर में माथा टेका और फिर मेला का आनंद उठाया। मेले में बच्चों का उत्साह देखने लायक था। इस अवसर पर जिला विकास आयुक्त डा. पीयूष सिंगला मुख्य मेहमान थे।
सुबह के डीडीसी ने रिबन काट कर मेले का विधिवत रूप से शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्य मेहमान ने मंदिर में माथा टेका। पहले दिन मेला स्थल पर डिस्ट्रिक्ट यूथ सर्विस एंड स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट की तरफ से कबड्डी, रस्साकशी व अन्य कई तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूल के विद्यार्थियों के साथ युवाओं ने भी हिस्सा लिया। डिपार्टमेंट आफ इंफोरमेशन उधमपुर की तरफ से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलाकारों ने डोगरी व अन्य कई भाषाओं में कार्यक्रम प्रस्तुत कर राज्य की संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। मेला स्थल पर खाने पीने की वस्तुओं, श्रंगार, सजावट का सामान व अन्य कई चीजों के स्टाल लगाए थे। वहीं सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न सरकारी विभाग की तरफ से भी स्टाल लगाए गए थे। युवतियां व महिलाएं श्रंगार का सामान खरीदने में व्यस्त रहीं तो, वहीं पुरुष व युवा खाने पीने की वस्तुओं को खरीदने में दिलचस्पी दिखाते हुए नजर आए। जिला प्रशासन की तरफ से मेला स्थल पर पीने का पानी, स्वास्थ्य, बिजली, सफाई व वाहनों की पूरी व्यवस्था की गई थी। डीडीसी ने कहा कि एतिहासिक सांकरी मेला वर्षों से आपसी भाईचारे व शांति का प्रतीक है। मेले में लोग एक दूसरे के साथ मिलते हैं और इससे राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने में सहयोग मिलता है।