जिला मुख्यालय पर डीडीसी अध्यक्ष लाल चंद फहराएंगे ध्वज
उधमपुर। सरकारी बाॅयज डिग्री काॅलेज उधमपुर के मैदान में शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। इसको लेकर शहर व ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
जिला मुख्यालय पर मुख्य समारोह स्थल डिग्री काॅलेज बाॅयज के मैदान को पहले से ही त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में लेकर पूरी तरह से सील कर दिया है। वाहन चालकों को भी वहां से सुबह वाहन नहीं चलाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की तरफ से राष्ट्रीय पर्व को लेकर सभी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। वीरवार को भी दिनभर अधिकारी और कर्मचारी तैयारियों में जुटे रहे।
सुबह 9 बजे मुख्यातिथि फहराएंगे राष्ट्रीय ध्वज
स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार जिला विकास परिषद उधमपुर के अध्यक्ष लाल चंद मुख्य मेहमान होंगे। सुबह 9:00 बजे मुख्यातिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, इसके बाद परेड का निरीक्षण करेंगे। उनके भाषण के बाद पुलिस, एनसीसी और स्थानीय स्कूलों की टुकड़ियाें की ओर से मार्चपास्ट किया जाएगा। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश होंगे। अंत में 11:00 पर पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। इससे पहले नगर के प्रमुख चौक चौराहों पर विभिन्न राजनीतिक व सामाजिक संस्थाओं की तरफ से तिरंगा फहराने के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
स्वतंत्रता दिवस को लेकर हाईवे से लेकर शहर के भीतर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। सभी नाकों को भी अलर्ट पर रखा गया है। जखैनी इलाके में हाईवे पर वाहनों की तलाशी ली जा रही है। रामनगर, मजालता और चिनैनी तहसील में भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। राजमार्ग के कई हिस्सों पर सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा सभी रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
पुराने राजमार्ग पर डाक बंगला तक यात्री वाहनों की रहेगी रोक
स्वतंत्रता दिवस के आयोजन के दौरान ट्रैफिक रूट में भी बदलाव रहेगा। शहर के गुजरते पुराने राजमार्ग पर डाक बंगला तक सुबह यात्री वाहन व अन्य बड़े वाहन नहीं चलेंगे। मेटाडोर स्टैंड और बस स्टैंड से भी गाड़ियां हटाई गई हैं। एमएच चौक पर खड़ी रहने वाली बसों को खड़ा करने से मना कर दिया गया है। धार रोड खुला रहेगा। ओमाड़ा मोड़ के लिंक रोड से शहर में गाड़ियों को चलने की अनुमति होगी। बड़े वाहन ट्रक बस को फोर लेन राजमार्ग से गुजरना होगा। समारोह के समाप्त होने तक ट्रैफिक प्रतिबंधित रहेगा और उसके बाद सामान्य ट्रैफिक चलेगा।
दोपहर 12 बजे तक दुकानें रहेंगी बंद
स्वतंत्रता दिवस को ध्यान में रखते हुए दोपहर 12 बजे तक बाजारों में अधिकतर दुकानें बंद रहेंगी। इस दौरान बाजार के विभिन्न हिस्सों में तिरंगा फहराने के कार्यक्रम आयोजित होंगे। डिग्री काॅलेज में कार्यक्रम के संपन्न होने के बाद दोपहर 12 बजे बाजार को खोल दिया जाएगा। इस अवसर पर हलवे आदि के प्रसाद भी वितरित किए जाएंगे।
तिरंगी रोशनी से नहाया शहर
राष्ट्रीय पर्व को लेकर शहर की सभी सरकारी इमारतों व चौक-चौराहों को तिरंगी-लाईटों से सजाया गया है। धार रोड़ पर लगाई स्ट्रीट लाइटें भी तिरंगी लाईटाें से जगमगा रहीं हैं। जिससे पूरा शहर स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है।