जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पिछले एक सप्ताह से बंद, हाईवे अथाॅरिटी ने दोनों तरफ से साफ किया मलबा
उधमपुर। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पिछले एक सप्ताह से बंद है। सोमवार को हाईवे अथारिटी की ओर से दोनों तरफ से मलबा साफ कर दिया गया है जिसके चलते मंगलवार दोपहर तक अस्थायी मार्ग तैयार कर आंशिक रूप से यातायात बहाल होने की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि थर्ड और बली नाला इलाके में पहाड़ धंसने से पिछले सात दिनों से बंद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। इस दौरान बढ़े बोल्डर को तोड़ने के लिए कई ब्लास्ट भी किए गए। मौसम पूरी तरह से साफ रहने पर राहत कार्य में तेजी आई। स्लाइडिंग जोन के दोनों ओर से मशीनें लगाकर मलबे को हटाया गया। मंगलवार को अस्थायी मार्ग तैयार कर आंशिक रूप से राजमार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल किया जा सकता है। राजमार्ग बंद होने से कश्मीर सहित उधमपुर से चिनैनी, सुद्धमहादेव, मानतलाई, लाटी सहित बटोत, रामबन और बनिहाल के लिए वाहनों की आवाजाही बंद है जबकि चिनाब वैली से लगते डोडा, किश्तवाड़ और भद्रवाह से भी संपर्क पूरी तरह से टूटा हुआ है। ब्यूरो