जिले में तीन नए मामले सामने आने के बाद डेंगू के कुल मामले 28 हुएसंवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिले में डेंगू के नए मामले आने का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को तीन नए मामले सामने आने के बाद अब तक जिले में कुल मामलों की संख्या 28 पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बुधवार को सामने आए तीन नए मामलों में एक शहर के गैडां तालाब और दो आदर्श काॅलोनी क्षेत्र में पाए गए हैं। एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया टीमें लगातार स्प्रे करने और लोगों में बचाव के तौर तरीके अपनाने को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चला रहीं हैं।
गौरतलब है कि हर साल अगस्त और सितंबर माह में डेंगू का प्रकोप बढ़ जाता है और सैंकडों की संख्या में लोग इसकी चपेट में आकर बीमार होते हैं लेकिन इस साल सर्दी की सीजन खत्म होने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू, चिकनगुनिया, डायरिया जैसे रोगों से बचाव के लिए पहले से ही सतर्कता बरतना शुरू कर दिया था।
इसके चलते इस साल जिला में अभी तक डेंगू के 28 और मलेरिया के तीन मामले रिपोर्ट किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक निवारक उपायों के चलते इस साल अभी तक डेंगू की चाल काफी धीमी नजर आ रही है लेकिन फिर भी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। क्योंकि बारिश के बाद डेंगू, चिकनगुनिया इत्यादि के मामले बढ़ने का डर अधिक बना रहता है।
जिले में इस साल डेंगू के अभी कुल 28 और मलेरिया के तीन मामले सामने आ चुके हैं। हमारी टीमें लोगों को बचाव के लिए सतर्क करने के लिए लगातार पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रहीं हैं। जहां भी डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं, वहीं टीम पहुंच कर स्प्रे भी कर रही है और जांच के साथ-साथ लोगाें को बचाव के लिए जागरूक भी कर रही है।
-जोगिंदर सिंह, स्वास्थ्य निरीक्षक, उधमपुर