उधमपुर। सोमवार से शारदीय नवरात्र की शुरुआत हो रही है। इस बार नवरात्र पूर्ण नौ दिन चलेंगे। ऐसा संयोग बहुत ही दुर्लभ होता है जब नवरात्र के सभी नौ दिन पूरे होते हैं। हर दिन माता रानी के एक-एक रूप की विधिवत पूजा की जाएगी।
नवरात्र के शुभ पर्व पर बाजारों में भी रौनक देखने को मिल रही है। लोग मां के वस्त्र, पूजा सामग्री, कलश, चुनरी और व्रत से संबंधित सामान की खरीदारी कर रहे हैं। मंदिरों में भी सजावट का काम जारी है। पंडित पवन सेठ ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार यदि कोई व्यक्ति पहली बार नवरात्र व्रत शुरू करना चाहता है तो यह समय अत्यंत शुभ और सिद्धिदायक माना जा रहा है।
इस बार भक्त पूरे नौ दिन श्रद्धा भाव से मां शैलपुत्री से लेकर मां सिद्धिदात्री तक की पूजा कर सकते हैं। पहले ऐसा होता था कि तिथि क्षय होने के कारण कभी-कभी एक ही दिन में दो देवी स्वरूपों की पूजा करनी पड़ती थी, परंतु इस बार ऐसा नहीं है। यह नवरात्र उद्यापन के लिए भी उत्तम माने जा रहे हैं। माता के भक्तों के लिए यह समय आत्मिक शुद्धि, शक्ति-साधना और साधना सिद्धि का सर्वोत्तम अवसर है। संवाद