संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। रविवार को सुबह के समय करीब दो घंटे तक हुई भारी बारिश हुई। इससे बीते छह दिन से बंद पड़े जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग को खोलने के कार्य में भी बाधा पेश आई। हालांकि मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। हाईवे पर गिरे बोल्डर हटाने के लिए दूसरे दिन भी धमाके किए गए।
बारिश थमने के बाद मशीनरी और मैनपावर की सहायता से राजमार्ग को बहाल करने के लिए काम दोबारा से शुरू कर किया गया। अधिकारियों ने संभावना जताई है कि देर शाम तक आंशिक रूप से बहाल कर दिया जाएगा। इस बीच सुबह बारिश के बीच किश्तवाड़ के विधायक एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा हालात का जायजा लेने थरड़ पहुंचे। उनके साथ एसडीसी प्रेम सिंह, चिनैनी के विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे।
शर्मा ने कहा कि हाईवे को बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर काम चल रहा था। बारिश ने काम बिगाड़ दिया। अधिकारियों के मुताबिक पूरी उम्मीद है कि अगर लगातार 10 से 12 घंटे तक बारिश की बाधा पेश नहीं आई तो मलबे को हटाकर राजमार्ग पर यातायात को आंशिक रूप से बहाल कर दिया जाएगा।
बता दें कि बारिश राहत कार्य में रुकावट पैदा कर रही है। हाईवे पर कई जगह फिसलन और कीचड़ हो गया है। वहीं राजमार्ग बंद होने से श्रीनगर सहित उधमपुर से चिनैनी, सुद्धमहादेव, मानतलाई, लाटी सहित बटोत, रामबन और बनिहाल के लिए वाहनों की आवाजाही बंद पड़ी है। चिनाब वैली से लगते डोडा, किश्तवाड़ और भद्रवाह से भी संपर्क टूटा हुआ है।