कंडोली नाला से गौरी मिट्टी लड्डा तक 25 किमी सड़क पर पीएमजीएसवाई ने करवाया था कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। तहसील मोंगरी के कंडोली नाला से गौरी मिट्टी लड्डा तक 25 किलोमीटर सड़क पर प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) की ओर से बिछाई गई थी। यह सात माह में ही उखड़ चुकी है, जिस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके विरोध में सोमवार को पैंथर्स नेता तिरंतर सिंह के नेतृत्व में लोगों ने पीएमजीएसवाई के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया है।
प्रदर्शनकारियों ने विभाग पर सड़क पर तारकोल बिछाने में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने करने का आरोप लगाया। इस कारण यह सात माह में उखड़ गई है। बदहाल सड़क हादसों को न्योता दे रही है। अगर इस क्षेत्र में कोई गंभीर रूप से बीमार पड़ जाए तो उसे अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो रहा है।
क्षेत्र से रियासी 41 किलोमीटर व उधमपुर 71 किलोमीटर दूर है। ऐसे में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी चंचलो देवी, शारदा देवी, बलबीर सिंह, स्वर्ण सिंह, राजकुमार और सोहन सिंह ने बताया कि सड़क की खस्ताहाल को लेकर कई बार विभाग को अवगत करवा चुके हैं। लेकिन, आजतक कोई समाधान नहीं हुआ है। बारिश में सड़क पर पड़े गड्ढों में पानी भरने से आवागमन करना मुश्किल होता है। उन्होंने ठेकेदार एवं निर्माण एजेंसी के खिलाफ जांच की मांग की है।