समस्या का समाधान नहीं होने पर जेल प्रशासन के खिलाफ जताया रोष
कहा, ढाई माह से मोबाइल और इंटरनेट सुविधा से वंचित
आज डीसी से लगाएंगे राहत की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिला जेल परिसर में लगे जैमर की वजह से वार्ड 19 के कई मोहल्लों के लोग प्रभावित हैं। करीब ढाई माह से मोबाइल और इंटरनेट सुविधा से वंचित हैं। रविवार को जेल रोड, संत पार्क और शिवनगर मोहल्ले के लोगों ने जेल प्रबंधन से बात की और समस्या को लेकर रोष जताया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने उन्हें शांत किया। समस्या का समाधान नहीं होने पर लोगों ने बताया कि सोमवार को डीसी से मुलाकात कर समस्या से अवगत करवाएंगे।
लोगों ने वार्ड 19 की आबादी करीब 1500 है, जिसमें से जेल रोड मोहल्ले सहित संत पार्क और शिव नगर मोहल्ले के 400 लोग जेल में लगे जैमर के कारण मोबाइल और इंटरनेट सुविधा से ढाई माह से वंचित हैं। जेल अधिकारियों से बात करते हैं तो वह मोबाइल कंपनी से संपर्क करने को कहते हैं और मोबाइल कंपनी वाले जेल अधिकारियों के पास जाने को कहते हैं। इस कारण लोग परेशान हैं। समस्या को लेकर जेल प्रबंधन से बात करने गए थे, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है।
स्थानीय निवासी एडवोकेट तनवी शर्मा ने बताया कि जैमर के कारण काफी समस्या है। इस पूरे इलाके में इंटरनेट बंद है। ढाई महीने से सूचना का अधिकार छीना जा रहा है। जेल प्रबंधन जैमर की रेंज कम करने को तैयार नहीं है। फोन पर किसी से संपर्क करना तक मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासी सिमरन ने कहा कि अब सोमवार को डीसी मुलाकात करेंगे। अगर फिर भी राहत नहीं मिली तो कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।