मजदूर दस्तकार यूनियन की मासिक बैठक में मुद्दों पर मंथन कर उठाई मांग
राशन कार्ड से नाम काटने के विरोध की नारेबाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। मजदूर दस्तकार यूनियन की जिला अध्यक्ष दर्शन कुमार मिस्त्री की अध्यक्षता में शहर में मासिक बैठक हुई। प्रदेश महासचिव शशि सयाल की मौजूदगी में मजूदरों के जुड़े मुद्दों पर मंथन किया गया। सरकार से श्रमिकों को बुढ़ापा पेंशन का लाभ देने की मांग उठाई। वहीं, राशन कार्ड से नाम काटने के विरोध में नारेबाजी कर रोष जताया है। वहीं, जल्द कदम नहीं उठाने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
जिला अध्यक्ष दर्शन कुमार मिस्त्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव में उधमपुर से लगातार तीसरी बार भाजपा के प्रत्याशी डाॅ. जितेंद्र सिंह ने जीत हासिल की है। लेकिन, दस साल के कार्यकाल में उन्होंने एक बार भी मजूदरों की समस्याओं को दूर करने का प्रयास नहीं किया है। मजदूर दस्तकार यूनियन को उनसे उम्मीद है कि वह मांगों का समाधान कर राहत प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि मजूदरों की प्रमुख मांगों में साठ साल की आयु पूरी कर चुके श्रमिकों को कम से कम तीन हजार प्रति माह बुढ़ापा पेंशन का लाभ दिया जाना शामिल है। बच्चों की शादी के लिए दी जाने वाली सहायता राशि का लाभ जल्द दिया जाए। राशन कार्डों से परिवारों के कुछ सदस्यों के नाम हटा दिए गए हैं, जिस कारण मजदूरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए सरकार से अपील है कि समस्या को जल्द दूर कराया जाए। राशन कार्ड से परिजनों के नाम हटाना नाइंसाफी है। इसलिए, खाद्य आपूर्ति विभाग ने अगले माह तक राशन कार्ड से हटाए गए नामों को नहीं जोड़ा तो वह उग्र प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। विधवा और दिव्यांग पेंशन को भी बढ़ाया जाए।