शहीद दीपक शर्मा की तस्वीर लिए बहन अनामिका और परिवार के अन्य सदस्य।
- बलिदानी पुलिस सब इंस्पेक्टर दीपक शर्मा की बहन ने मनाया रक्षाबंधन पर्व
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जम्मू-कश्मीर पुलिस के बलिदानी सब इंस्पेक्टर दीपक शर्मा की बहन ने शनिवार को भाई की तस्वीर पर राखी बांधी और उनकी शहादत को सलाम किया। अनामिका ने
देशवासियों को बलिदानियों को हमेशा याद रखने का संदेश दिया।
कठुआ में बदमाशों के साथ मुठभेड़ में बलिदान हुए उधमपुर के रहने वाले पुलिस के सब इंस्पेक्टर दीपक शर्मा की बहन अनामिका शर्मा ने भाई की तस्वीर पर राखी बांध कर रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। इस दौरान दीपक शर्मा की बहन भावुक भी हुईं। उन्होंने कहा कि आज उन्हें भाई की कमी भी खल रही है मगर उन्हें गर्व भी है कि उनके भाई ने अपनी ड्यूटी को अंजाम देते समय शहादत पाई। उन्होंने काफी कम समय में ही बहादुरी के बड़े-बड़े काम किए।
दीपक शर्मा की बहन ने बलिदानियों के सभी परिवारों को भी रक्षाबंधन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि बहुत सी बहनें आज ऐसी होंगी जिन्होंने उनकी तरह अपने भाई खोया है, आज उन सब भाइयों की शहादत को एक बहन का सलाम है।
उन्होंने कहा कि हमारे जो जवान सीमा पर देश की रक्षा कर रहे हैं और अपने घर नहीं जा सकें उनको भी वह रक्षाबंधन की बधाई देती हैं और लोगों से भी अपील है कि उनके साथ भी रक्षाबंधन मनाएं ताकि उनको बहनों की कमी महसूस न हो।
बता दें कि दीपक शर्मा तीन अप्रैल 2023 को कठुआ में बदमाशों के साथ हुए एक एनकाउंटर में बलिदान हो गए थे।