संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। बट्टल बालियां क्षेत्र में स्थित ग्रिड स्टेशन में आग से जले ट्रांसफार्मर व अन्य उपकरणों के चलते दो दिनों से औद्योगिक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप है। शनिवार को तीसरे दिन भी ग्रिड स्टेशन में मरम्मत जारी रहा। शुक्रवार को दो नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। वहीं, शेष मरम्मत कार्य व एक ट्रांसफार्मर को लगाने का काम कर्मचारियों द्वारा किया गया।
ग्रिड में लगी आग से विभाग को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। इसके बावजूद विभाग की ओर से ग्रिड को एक बार फिर से शुरू करने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया गया। शनिवार को विभाग की ओर से तीसरे ट्रांसफार्मर को भी मंगवा लिया गया। हालांकि, बीते दिन लगे ट्रांसफार्मरों में तेल डालकर उसकी टेस्टिंग कर ली गई है। विभाग की ओर से जल्द से जल्द औद्योगिक क्षेत्र में बिजली को बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
विभाग की ओर से औद्योगिक क्षेत्र में बिजली बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर काम जारी है। दो ट्रांसफार्मरों को शुक्रवार को लगा दिया था, जबकि एक अन्य ट्रांसफार्मर को भी मंगवा लिया है। उनके स्थापित करने व टेस्टिंग के बाद औद्योगिक क्षेत्र में बिजली बहाल कर दी जाएगी।
- अनिल गौतम, एक्सईएन, सब डिविजन-ट्रांसमिशन, बिजली विभाग