एसएसपी ने सीएपीएफ अधिकारियों से बैठक कर दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
किश्तवाड़। जिले की तीन विधानसभा क्षेत्रों में 18 सिंतबर को पहले चरण के तहत मतदान होना है। इसके चलते रविवार को एसएसपी अब्दुल कयूम की अध्यक्षता में जिला पुलिस लाइन में एक बैठक हुई, जिसमें सुरक्षाबलों सहित सीएपीएफ अधिकारियों से सौहार्दपूर्ण और कड़ी सुरक्षा के बीच चुनाव करवाने के लिए रणनीति बनाई गई।
एसएसपी ने जिले की वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य पर प्रकाश डाला। साथ ही में मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, बलों के लिए सुरक्षित शिविर स्थलों की स्थापना, संभावित आतंकी खतरे का मुकाबला करने और चुनाव अवधि के दौरान कानून व व्यवस्था बनाए रखने पर मंथन किया।
उन्होंने सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से निपटने में सक्रिय और सतर्क दृष्टिकोण के महत्व को रेखांकित किया, खासकर जिले के अद्वितीय भौगोलिक और सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य के संदर्भ में। उन्होंने सीएपीएफ अधिकारियों को सभी संवेदनशील स्थानों के आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा ग्रिड लागू करने और किसी भी कमजोरियों की पहचान करने और उन्हें कम करने के लिए नियमित सुरक्षा ऑडिट करने का निर्देश दिया। स्थानीय आबादी के साथ सकारात्मक संबंध को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सभी कार्यों में अनुशासन और व्यावसायिकता की आवश्यकता पर बल देते हुए अधिकारियों को मानक संचालन प्रक्रियाओं और भारत के चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। बैठक में विभिन्न सुरक्षाबलों के अधिकारी मौजूद रहे।