सनातन धर्म सभा के बैनर तले पाकिस्तान और आतंकियों के खिलाफ की नारेबाजी
दुकानें और निजी स्कूल दिनभर रहे बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
किश्तवाड़। रियासी के कंडा में श्रद्धालुओं की बस पर हुए आतंकी हमले के विरोध में सोमवार को हिंदू संगठनों ने जिले में बंद का आह्वान किया। इस दौरान दिनभर दुकानें और निजी स्कूल बंद रहे। सनातन धर्म सभा के बैनर तले लोगों ने रोष रैली निकालते हुए पाकिस्तान और आतंकियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पुराने जिला मुख्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर रोष जताया। सनातन धर्म सभा के प्रधान सुरेंद्र सेन और विश्व हिंदू रक्षा समिति के प्रधान हंस राज भूतियाल ने हमले की निंदा की। उपमंडल पाडर में भी लोगों ने प्रर्दशन किया। साथ ही केंद्रीय सरकार से आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। जिला किश्तवाड़ मुस्लिम मजलिस-ए-शोरा कमेटी की तरफ से जामा मस्जिद के ईमाम मोलवी फारूक अहमद ने भी घटना की निंदा की है। बार एसोसिएशन ने बैठक कर दो मिनट का मौन रखा और हमले में मारे गए श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति की कामना की।