रिट्टी में उधमपुर-रामनगर मार्ग पर गिरी पस्सी
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर रिट्टी इलाके में पहाड़ से पस्सी व पत्थर गिरने पर पर उधमपुर-रामनगर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही करीब चार घंटे तक प्रभावित रही। सूचना मिलने पर पीडब्ल्यूडी ने पस्सी हटाकर वाहनों की आवाजाही शुरू करवाई।
जानकारी अनुसार सुबह करीब छह बजे अचानक ही पहाड़ से पस्सी व पत्थर मार्ग पर गिरे और वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। दोनों तरफ वाहन भी फंस गए। हालांकि दो पहिया वाहनों के निकलने के लिए स्थान था। कुछ समय के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पीडब्ल्यूडी को दी, जिसके बाद सुबह करीब नौ बजे पीडब्ल्यूडी ने मशीनरी को मौके पर भेज कर पस्सी को हटाने का काम शुरू कर दिया। करीब दस बजे पस्सी हटने के बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हुई और वाहनों के चालकों व यात्रियों ने राहत की सांस ली।