हाईवे पर यातायात बहाल होने पर छोड़ गए जरूरी वस्तुओं से संबंधित सिर्फ 70 वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। बारिश के कारण बंद हुआ जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग आंशिक रूप से छोटे यात्री एवं निजी वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया। उधमपुर में रोके गए लाइव स्टाॅक से जुड़े 70 वाहनों को ही घाटी जाने की अनुमति दे दी गई। जबकि, ट्रकों एवं अन्य हैवी वाहनों को तीसरे दिन भी नहीं छोड़ा गया है। इससे चालकों और सहचालकों की समस्याएं बढ़ गई हैं।
जानकारी के अनुसार रविवार को शुरू हुई मूसलाधार बारिश के कारण रामबन जिले के कुछ इलाकों में हुए लैंडस्लाइड के कारण सोमवार सुबह 6 बजे से राजमार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया था। इसके चलते उधमपुर के जखैनी चौक से वाहनों को घाटी की ओर जाने नहीं दिया गया। लगातार दो दिनों तक राजमार्ग बंद रहने के बाद रामबन में मलबा साफ होने पर आंशिक रूप से राजमार्ग को बुधवार सुबह करीब 9 बजे छोटे यात्रियों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया। उधमपुर के जखैनी चौक पर रोके गए सभी छोटे यात्री एवं निजी वाहनों के घाटी की ओर जाने की अनुमति दी गई। मुर्गे, भेड़ आदि लाइव स्टॉक लेकर घाटी की ओर जाने वाले 70 वाहनों को भी आगे जाने की अनुमति दे दी गई। वहीं, 500 के करीब ट्रक, ट्राले एवं अन्य हैवी वाहनाें को तीसरे दिन भी घाटी की ओर जाने की अनुमति नहीं मिल पाई। डीटीआई विनय गुप्ता ने बताया कि छोटे वाहनों को छोड़ दिया गया है और लाइव स्टॉक लेकर जा रहे वाहनों को भी आगे जाने की अनुमति दी गई है। एचएमवी को उधमपुर में ही रोका गया है।