उधमपुर। बारिश के पानी में जलमग्न हुई धार रोड पर वर्कशाप के पास जलभराव में पंसी एंबुलेंस। संवाद
- कई परिवार के लिए मददगार बनकर पहुंची रेवन्यू विभाग की टीम
उधमपुर। बारिश के कारण जहां बिजली ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा तो वहीं जलापूर्ति भी प्रभावित हुई है। खासकर जियो और बीएसएनएल की दूरसंचार और इंटरनेट सेवाएं ठप होने से कोई एक दूसरे से संपर्क तक नहीं कर पा रहा।
मंगलवार को लगातार जारी बारिश जारी के कारण ऊपरी इलाकों में भूस्खलन व पस्सियां गिरने की वजह से बिजली ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा। इससे बिजली आपूर्ति पूरे जिले में ठप रही। वहीं बिजली ढांचे को नुकसान पहुंचने से भी जलापूर्ति भी ठप हो गई। उस पर प्राकृतिक जलस्रोतों के किनारे स्थापित किए गए जलापूर्ति तंत्र पूरी तरह से जल मगन हो गए हैं। जिससे पूरे जिले में अगले कुछ दिनों तक पीने के पानी की किल्लत बढ़ सकती है। उस पर बारिश की मार का असर जीयो और बीएसएनएल की मोबाइल एवं इंटरनेट सेवा भी देखने को मिला और दोपहर बाद दोनों एजेंसियों के नेटवर्क बंद हो गए।
लगभग छह दर्जन परिवारों को किया रेस्क्यू
धार रोड, छन्नी मोड़, दंदयाल और ओमाड़ा मोड़ में राजस्व विभाग की ओर से चलाए गए रेस्क्यू आपरेशन के दौरान लगभग 6 दर्जन परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। कुछ परिवारों को ओमाड़ा मोड़ा गुरुद्वारे में आश्रय दिया गया है तो छन्नी मोड़ में कुछ परिवारों के लिए एक हाल में रहने की व्यवस्था की गई। जबकि कुछ लोग अपने रिश्तेदारों के घर पर चले गए हैं।