दो बच्चों की हो चुकी है मौत, दो का चल रहा जम्मू में उपचार
मृतक बच्चे के शव का पोस्टमार्टम, सैंपल जांच के लिए भेजे
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर/चिनैनी। घोरड़ी-बरमीन के सत्यालता गांव में शादी समारोह में रात्रि भोज के बाद स्वास्थ्य बिगड़ने से दो बच्चों की मौत हो गई थी। मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मौजूदा समय में जीएमसी में अब तक 86 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया है। इनके अलावा दो बच्चों की मौत हो चुकी है और दो को जम्मू रेफर किया गया है।
मामले की जांच को लेकर एक बच्चे के शव का पोस्टमार्टम भी करवाया गया है, जबकि कुछ बच्चों के स्टूल सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। दूसरी ओर शादी समारोह से बारात लेकर चिनैनी के धन्नास लौटे कई लोगों में भी फूड प्वाइजनिंग के मामले सामने आए हैं। इनमें से दर्जन भर लोग सीएचसी चिनैनी में उपचाराधीन हैं। दो की हालत गंभीर होने जीएमसी उधमपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार 31 जुलाई को सत्यालता गांव में शादी समारोह में रात्रि भोज करने के बाद कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी। पहले तो लोगों ने गांव में अपने स्तर पर उपचार करने का प्रयास किया, लेकिन शुक्रवार सुबह हालत बिगड़ने पर जीएमसी की ओर रुख किया। सुबह पहले छह बच्चे और तीन व्यस्क अस्पताल में भर्ती कराए गए। इनमें दो बच्चों की पहले से ही मौत हो गई थी, जबकि दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जम्मू रेफर कर दिया गया। मृत बच्चे की मां का भी जीएमसी में उपचार जारी है।
दोपहर बाद आठ बच्चे और छह व्यस्क और अस्पताल में भर्ती कराए गए। रात भर यह सिलसिला जारी रहा। शनिवार सुबह तक अस्पताल में मरीजों का आंकड़ा 86 पहुंच गया। इनमें 36 छोटे बच्चे शामिल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर मृतक 12 वर्षीय शोभा देवी के शव का पुलिस की मौजूदगी में शनिवार को वापस जीएमसी लाया गया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। कुछ बच्चों के स्टूल के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं।
सत्यालता से लौटने के बाद दुल्हा पक्ष के लोगों की भी बिगड़ी हालत
सत्यालता से धन्नास लौटे दूल्हा पक्ष के लोगों का भी स्वास्थ्य बिगड़ गया है। दर्जन भर लोगों को सीएचसी चिनैनी में भर्ती कराया गया है। उनमें भी फूड प्वाइजनिंग की शिकायत बताई जा रही है। पीड़ितों के मुताबिक रात को शादी समारोह में मटर पन्नीर, राजमा चावल, अंबल खाया था। शादी समारोह के बाद वह धन्नास लौट आए थे। लेकिन, अगले दिन उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। पहले तो उन्हें गैस आदि की समस्या हुई, लेकिन ज्यादा तकलीफ बढ़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। दो की हालत गंभीर होने पर जीएमसी उधमपुर रेफर किया गया है।