टीमों को लोगों के घरों में भेजकर बचाव के लिए किया जा रहा जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिले में बुधवार को डेंगू के दो और मामले आए। इसके साथ ही मरीजों का आंकड़ा आठ हो गया है। इसके अलावा जिले से बाहर के तीन केस हैं। वहीं अब तक 199 लोगों के डेंगू के टेस्ट किए गए हैं। उधर, चिकनगुनिया के 16 और मलेरिया के 16 टेस्ट भी किए गए, जिनमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
डेंगू के मिले दो नए मामलों में से एक शहर के साथ लगते गढ़ी क्षेत्र का है, जहां महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे जीएमसी लाया गया। इस दौरान डाक्टरों ने डेंगू का टेस्ट किया, तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं, दूसरा मामला चिनैनी क्षेत्र के लद्दा से है।
स्वास्थ्य विभाग एक महीने से तहसील व ब्लॉक स्तर पर बुखार से पीड़ित मरीजों के डेंगू के टेस्ट कर रहा है। इस बीच पॉजिटिव आए मरीजों के घरों में टीम भेजकर घर और आसपास में फॉगिंग की जा रही है। विभाग की ओर से लोगों के घरों में टीमों को भेजकर डेंगू से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। साथ ही टेस्ट की प्रक्रिया को बढ़ा दिया गया है।
सितंबर माह आने के साथ डेंगू के मामलों ने भी रफ्तार पकड़ ली है। विभाग की ओर से पीड़ितों के घर और आसपास में फॉगिंग करवाई जा रही है। लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। एक मामला गढ़ी, जबकि दूसरा लद्दा से आया है।
डॉ. राजकुमारी सकोलिया, बीएमओ, टिकरी
रिपोर्ट, परवेज खान