टीम ने कोटली जींजा में घर-घर जाकर लोगों को किया जागरूक, सैंपल भी लिए
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ब्लॉक टिकरी के कोटली जींजा क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान घर-घर जाकर लोगों को डेंगू से बचाव के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही वायरल से ग्रसित लोगों के सैंपल लिए गए।
जिले में अभी तक डेंगू के पांच मामले आ चुके हैं, जिनमें से दो का अन्य राज्यों का इतिहास है। उसी के चलते विभाग की ओर से ब्लॉक टिकरी के क्षेत्रों में लोगों को डेंगू से बचाव के बारे में जागरूक किया जा रहा है। साथ ही लोगों को अपने घरों की छतों पर कबाड़ व गंदा पानी जमा न करने की सलाह दे रहे हैं।
साथ ही डेंगू से बचाव को लेकर शहर के कई क्षेत्रों जागरूकता पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों से घर व आसपास साफ-सफाई का ध्यान रखने, छत्तों पर पानी जमा न होने देने की हिदायत दी। साथ ही बरसात में डेंगू से बचने के लिए पूरी बाजू की कमीज व कपड़े पहनने के लिए कहा गया।
जिले में दो दिन में डेंगू का कोई नया मामला नहीं मिला है, जो राहत भरी बात है। लेकिन, विभाग की ओर से लगातार लोगों को डेंगू से बचने के लिए जागरूक किया जा रहा है। साथ ही संभावित क्षेत्रों में फॉगिंग के साथ दवाई का छिड़काव किया जा रहा है। लोगों को खुद भी सावधानी बरतने की जरूरत है।
- राज कुमारी सकोलिया, बीएमओ टिकरी