जिले में मामले बढ़कर हुए 36, एक साथ इतने मामले मिलने के बाद विभाग सकते में
जीएमसी में बढ़ाई जांच प्रक्रिया, लोगों को जागरूक भी किया जा रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। पांच दिन बाद मंगलवार को जिले में डेंगू एक साथ डेंगू के 10 नए मामले सामने आए हैं। इससे जिले में डेंगू के संक्रमित मामलों का आंकड़ा बढ़कर 36 पहुंच गया है। एक साथ 10 नए मामले मिलने से स्वास्थ्य विभाग सकते में आ गया है। जीएमसी सहित स्थानीय स्तर पर टेस्टिंग बढ़ा दी है।
इन 36 में से तीन का इतिहास बाहर का है। पांच दिन पहले भी डेंगू के एक साथ 11 मामले मिले थे। अब एक बार फिर 10 नए मामले सामने आए हैं। जीएमसी में 380 लोगों के डेंगू के टेस्ट किए हैं। बढ़ते संक्रमित मामलों को देखते हुए विभाग ने जीएमसी में टेस्ट प्रक्रिया तेज कर दी है। इसके साथ ही अब तक मलेरिया के 30 टेस्ट भी किए हैं, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
बरसात का सीजन बढ़ते ही डेंगू का बढ़ा प्रकोप
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जिस तरह 10 से 11 मामले एक दिन में मिलने लगे हैं उससे लगता है कि डेंगू ने अब रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। चार दिन तक कोई मामला नहीं मिला था, जिससे कुछ राहत मिली थी। लेकिन, अब पांचवें दिन एक साथ 10 मामले मिलने से चिंता बढ़ गई है।
इस साल के डेंगू सीजन में अभीतक शहर के वार्ड 02, 11, 15, 21 से डेंगू के संक्रमित मामले सामने आए हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लॉक पंचैरी, ब्लॉक चनैनी, ब्लॉक रामनगर और ब्लॉक टिकरी शामिल है।
2023 में मिले थे डेंगू के 720 मामले, एक मरीज की हुई थी मौत
2023 में डेंगू के 720 मामले मिले थे और एक मरीज की मौत भी हुई थी। जिला के कई ग्रामीण व शहर इलाकों में हाॅट स्पॉट बने थे। इस बार अब तक डेंगू संक्रमितों का आंकड़ा 36 पहुंच चुका है। हालांकि, विभाग की ओर से लोगों को डेंगू से बचाव के लिए दो माह से लगातार जागरूक किया जा रहा है।
मंगलवार को पांचवें दिन डेंगू के 10 नए मामले मिले हैं। यह चिंता का विषय है। विभागीय टीमें शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार घर-घर जाकर बुखार से ग्रसित लोगों के टेस्ट करने के साथ जागरूक भी कर रही हैं। वहीं, डेंगू संक्रमित मामले मिलने के बाद उनके घरों और आसपास के इलाकों में फॉगिंग के साथ दवाई का छिड़काव कर रही हैं। मलेरिया के भी टेस्ट किए जा रहे हैं।
- डॉ. राजकुमारी सकोलिया, बीएमओ टिकरी