स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में शुरू किया अभियान
धनौड़ी, स्याल जटा व मगैनी में बताए बचाव के तरीके
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीण इलाकों में भी डेंगू व मलेरिया के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। मंगलवार को ब्लॉक टिकरी की ओर से धनौड़ी स्याल जटा व मगैनी में लोगों को जागरूक किया गया।
साथ ही स्वच्छता पर खास ध्यान देने को कहा। उन्होंने घर व आसपास के क्षेत्रों में कचरा व पानी न जमा करने के लिए प्रेरित किया, ताकि डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारी से उनका बचाव हो सके। धनौड़ी, स्याल जटा, मगैनी, सनसू सहित अन्य क्षेत्रों में विभाग की टीम द्वारा लोगों के घरों में जाकर उन्हें जागरूक किया गया। क्योंकि ज्यादातर लोग अपने इस्तेमाल न होने वाले सामान को घर की छतों पर रख देते हैं। जिसके चलते बारिश आने पर उसमें पानी जमा हो जाता है। इससे डेंगू मच्छर पनपने की आशंका बन सकती है। टीम द्वारा लोगों से स्वच्छता व बताई गई सावधानियां बरतने की अपील की गई।
बीएमओ टिकरी राजकुमारी ने बताया कि विभाग की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को डेंगू व मलेरिया से बचने के लिए जागरूक किया जा रहा है। विभाग की ओर से लगातार यह प्रयास किया जा रहा है कि लोगों को डेंगू व मलेरिया की चपेट में आने से बचाया जा सके।