संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के वार्ड एक, चार और पांच में जाकर लोगों को जागरूक किया गया।
टीम के सदस्यों ने लोगों में जागरूकता पोस्टर भी वितरित किए और इनमें बताई गई सावधानियां बरतने की अपील की। सुभाष नगर, बाडेया और भारत नगर में लोगों को घर सहित आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई रखने, पानी जमा नहीं होने, छतों पर कबाड़ जमा नहीं करने और रोजाना कूलर के पानी को बदलने लिए कहा।
उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में आए दिन बारिश हो रही है। इससे छतों व आंगन में पड़े पुराने सामान में पानी जमा हो जाता है। इसमें डेंगू का मच्छर पनप सकता है। इसलिए इन डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है।
इस संदर्भ में बीएमओ टिकरी राजकुमारी ने बताया कि विभाग की ओर से पूरे ब्लॉक में लोगों को डेंगू व मलेरिया से बचाने के लिए लगातार टीमें भेजी जा रही हैं। इसलिए लोग भी सावधानी बरतें और डेंगू व मलेरिया से बचें।