संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। बारिश के चलते शहर के साथ लगते कशीराह पंचायत के सरकारी गर्ल्स मिडिल स्कूल बरियाल में जलभराव की समस्या पैदा हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीती रात से हो रही बारिश से सड़क के साथ ही स्कूल के भीतर भी काफी पानी भर गया है।
इससे स्कूल खुलने पर बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। स्थानीय देवराज, जगदेव, मुंशी शर्मा व अन्य ने रविवार को कहा कि जलभराव यहां की बड़ी समस्या है। इसका मुख्य कारण सड़क किनारे जल निकासी के लिए नालियों का उचित प्रबंध नहीं होना है। जब भी बारिश होती है तो सड़क में भरने वाली पानी स्कूल के भीतर जाकर जमा हो जाता है।
अब बीती रात से फिर से जोरदार बारिश हो रही है और सड़के के अलावा स्कूल परिसर में भी काफी पानी जमा हो गया है। इससे स्कूल खुलने पर विद्यार्थियों को फिर से समस्या का सामना करना पड़ेगा। इसलिए प्रशासन से अपील की कि समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान कर राहत दिलाई जाए।