सुबह 10 बजे 33 और 11केवीए ग्रिड स्टेशन में स्पार्किंग से ट्रांसफार्मर के पास गिरे तेल ने पकड़ी आग
तीन ट्रांसफार्मर ने पकड़ी आग, ग्रिड स्टेशन के अंदर लगे केबल तक जले
काफी प्रयास के बाद बट्टल बालियां व बडाली में बिजली आपूर्ति हुई बहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। औद्योगिक क्षेत्र बट्टल वालियों के ग्रिड स्टेशन में स्पार्किंग से आग लगने से तीन ट्रांसफार्मर और केबल तक जल गई। इससे करीब 2.25 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। यह घटना सुबह 10:10 बजे 33 और 11केवीए ग्रिड स्टेशन में स्पार्किंग से ट्रांसफार्मर के पास गिर तेल के आग पकड़ने से हुई। कुछ पलों में तीनों ट्रांसफार्मर में आग लग गई। साथ स्टेशन के अंदर तक के केबल जल गए। इस दौरान धुएं के गुब्बार और आग की ऊंची लपटें दूर से उठती दिखाई दीं। काफी मशक्कत के बाद विभागीय कर्मचारियों और दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। हालांकि, काफी मशक्कत के बाद बट्टल बालियां व बडाली में बिजली आपूर्ति हुई बहाल कर दी गई है।
बट्टल वालियां स्थित औद्योगिक क्षेत्र में बने 33 एवं 11केवीए ग्रिड स्टेशन में सुबह 10:10 बजे स्पार्किंग से ट्रांसफार्मर के पास गिरे तेल ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने ग्रिड स्टेशन में लगे 3 ट्रांसफार्मरों को चपेट में ले लिया। धुएं के गुब्बार के साथ ही आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने पुलिस को सूचित करने के साथ ही दमकल विभाग को भी घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। लेकिन, जब तक दमकल विभाग आग पर काबू पाता तब तक ग्रिड स्टेशन के अंदर लगे ट्रांसफार्मर, केबल और उपकरण जलकर राख हो गए।
घटना के कारण औद्योगिक क्षेत्र की सभी इकाइयाें सहित बट्टल वलियां व बडाली में में बिजली आपूर्ति पूरा दिन बंद रही। ग्रिड स्टेशन में आग से कम से कम 2.25 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। अगर विभाग की माने तो अभी ग्रिड स्टेशन में नए ट्रांसफार्मर व अन्य उपकरण लगाने में दो से तीन दिन का समय लग सकता है। तब तक औद्योगिक क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति बंद रहेगी। बट्टल वालियां व बडाली में बिजली आपूर्ति को शाम आठ बजे तक बहाल कर दिया गया।
ग्रिड स्टेशन में लगे है 3 ट्रांसफार्मर
ग्रिड स्टेशन में औद्योगिक क्षेत्र को बिजली की सप्लाई देने के लिए 10 एमबीए के 2 व 6.3 एमबीए के एक सहित तीन ट्रांसफार्मर लगे हैं। आग लगने से 2 ट्रांसफार्मर तो पूरी तरह से जल गए है, एक ट्रांसफार्मर को काफी नुकसान पहुंचा है। इतना ही नहीं इन ट्रांसफार्मरों की कीमत करोड़ों रुपये में बताई जा रही है।
औद्योगिक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल करने में लगेंगे दो से तीन दिन
ग्रिड स्टेशन में लगी आग के चलते औद्योगिक क्षेत्र सहित 2 फीडरों से बट्टलबालियां व बड़ाली में बिजली आपूर्ति बंद रही। इनके अंतर्गत चार हजार कनेक्शन हैं। विभाग की तरफ से शाम आठ बजे तक इन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। इस कारण लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं औद्योगिक क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति को बहाल करने में दो से तीन दिन का समय लग सकता है।
विभागीय अधिकारियों ने नुकसान का जायजा लिया गया है। स्टेशन में लगे तीन ट्रांसफार्मरों में से 2 तो पूरी तरह से जल चुके हैं, जबकि एक चलने लायक नहीं रहा है। अब तीनों ट्रांसफार्मर नए लगाए जाएंगे। आग लगने से केबल व अन्य उपकरण भी जले हैं। ग्रिड स्टेशन को दोबारा चालू करने में दो से तीन दिन लगेंगे। कम से कम 2.25 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
- अनिल गौतम, एक्सईएन, सब डिविजन ट्रांसमिशन, बिजली विभाग