महिला कॉलेज में मनाया विश्व संगीत और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। सरकारी महिला कॉलेज उधमपुर में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और विश्व संगीत दिवस मनाया गया। इस अवसर पर संगीत विभाग की ओर से संगीत और योग विषय पर एक ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी का आयोजन हुआ। इसमें रिया देवी ने पहला स्थान हासिल किया। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्या डॉ. नलिनी पठानिया की देखरेख में हुआ।
प्राचार्य ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए संगीत विभाग के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने युवाओं में योग और संगीत के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए संस्थान में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि संगीत और योग दोनों को वैकल्पिक चिकित्सा का हिस्सा हैं और दोनों में असाधारण उपचार शक्तियां हैं। प्रतियोगिता में कालेज के विभिन्न सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह से भाग लिया। प्रतियोगिता में रिया देवी पहले, नीलू देवी दूसरे, सपना व मौसमी तीसरे स्थान पर रही। सांत्वना पुरस्कार नसीम और प्रीति के नाम रहा। बाद में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इससे पहले संगीत विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा शर्मा ने गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रो. डॉ. शालू जसरोटिया, सहायक प्रो. यश कुमार और सहायक प्रो. डॉ. संजय कुमार ने किया।