हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में महिला कॉलेज में हुई कहानी लेखन प्रतियोगिता
60 छात्राओं ने लिया हिस्सा, सेमेस्टर पांच की शिवानी व निशा को सांत्वना पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में गवर्नमेंट महिला काॅलेज के हिंदी विभाग की ओर से तीन दिवसीय कार्यक्रम का आगाज हुआ। पहले दिन हिंदी कहानी लेखन प्रतियोगिता हुई, जिसमें 60 प्रतिभागियों ने जोश एवं उत्साह से हिस्सा लिया।
इसमें सेमेस्टर तीन की सपना देवी पहले, सेमेस्टर पांच की प्रिया मन्हास दूसरे और सेमेस्टर पांच की ही सपना देवी तीसरे स्थान पर रही। सेमेस्टर पांच की शिवानी और निशा देवी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता में प्रो. यश कुमार, प्रो. सिमरन खजूरिया और प्रो संदेश कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रिंसिपल प्रो. (डाॅ.) नलिनी पठानिया ने की। उन्होंने हिंदी भाषा के महत्व पर जोर दिया और छात्राओं को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि छात्र किसी देश की नींव हैं और यह उनकी जिम्मेदारी है कि वे अपनी हिंदी भाषा का समर्थन करें और उसे बढ़ावा दें।
हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो. मुश्ताक अहमद ने कहा कि मौजूदा समय के माता-पिता में बच्चों को हिंदी भाषा सिखाने में उत्साह की कमी है। उन्होंने सार्वजनिक मंच पर हिंदी में बात करने पर जोर दिया।
हिंदी दिवस पर 14 सितंबर को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। इस मौके पर प्रो. सुनील मगोत्रा, प्रो. संदेश कुमार, प्रो. यश कुमार, डॉ. मूल राज, डॉ. विशाल शर्मा, प्रो. नेहा गुप्ता, प्रो. मीनाक्षी जम्वाल, प्रो. ओम प्रकाश, प्रो. वरुण शर्मा और डॉ. संजय कुमार मौजूद रहे।