पहले सेमेस्टर के दाखिले के लिए सीयूईटी परीक्षा के परिणाम का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जम्मू-विश्वविद्यालय की ओर से जारी की गई अधिसूचना के तहत चार वर्षीय अंडर ग्रेजुएट शिक्षा हासिल कर रहे कॉलेज के छात्रों को तीसरे और पांचवें सेमेस्टर में दाखिला लेने की अंतिम तिथि 27 जून निर्धारित की गई है। इसके तहत उधमपुर डिग्री कालेज में छात्रों के दाखिले के लिए स्थल निर्धारित करने के साथ ही कमेटियों का भी गठन किया गया है।
जम्मू विश्वविद्यालय की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक तीसरे सेमेस्टर में दाखिला लेने के लिए छात्रों को पहले सेमेस्टर में 50 प्रतिशत क्रेडिट का प्रावधान रखा है। इसके तहत बच्चों के पहले सेमेस्टर के 50 प्रतिशत विषय पास होने चाहिए और इंटरनल असेसमेंट में भी पास होना चाहिए। पांचवें सेमेस्टर में दाखिले के लिए भी तीसरे सेमेस्टर की तरह 50 प्रतिशत क्रेडिट का नियम प्रभावी होगा। साथ ही सभी विषय से जुड़ी इंटरनल असेसमेंट में भी पास होना चाहिए। दोनों सेमेस्टर के दाखिले के लिए सात जून से प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बिना लेट फीस के अंतिम तिथि 27 जून निर्धारित की गई है। इसके बाद 28 जून से लेकर आठ जुलाई तक 380 रुपये लेट फीस देनी होगी। निर्धारित समय सीमा के 10 दिन बाद कोई दाखिला करवाता है तो उसे 3250 रुपये प्रति विषय लेट फीस देनी पड़ेगी। हालांकि, विश्व विद्यालय प्रशासन की ओर से ऐसी स्थिति में अगर किसी छात्र के अभिभावक बीपीएल श्रेणी से हैं तो उनको प्रति विषय पर निर्धारित लेट फीस माफ कर दी जाएगी, लेकिन 380 रुपये लेट फीस जरूर देनी पड़ेगी।
दाखिले के लिए दो कमेटियां गठित
गवर्नमेंट डिग्री कालेज में तीसरे सेम के दाखिले के लिए कॉलेज परिसर में कैमिस्ट्री विभाग और पांचवें सेमेस्टर के दाखिले के लिए स्टाफ रूम को वेन्यू के रूप में स्थापित किया गया है। इसके लिए दो कमेटियां गठित कीहैं। एक कमेटी के संयोजक डा. मोहिंद्र पाल एवं सह संयोजक प्रो. शोभना सम्याल के अलावा 11 सदस्य हैं। दूसरी कमेटी के संयोजक डॉ. सुनील कुमार बट और सह संयोजक सुख चैन के अलावा नौ सदस्य हैं। कॉलेज प्रिंसिपल प्रो. डॉ. रोमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि पहले सेमेस्टर को लेकर अभी दाखिले शुरू नहीं हुए हैं। सीयूईटी परीक्षा के परिणाम आने के बाद ही दाखिले शुरू हो पाएंगे।