एक किलोमीटर सड़क पर विकास कार्य होने से शहर की करीब पांच हजार आबादी को मिलेगा लाभ
ग्रेफ की ओर से एक हफ्ते में पूरा होगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर के दोमेल क्षेत्र में पुराने राजमार्ग पर गड्ढों की समस्या से अब जल्द ही शहरवासियों को राहत मिलने वाली है। ग्रेफ की ओर से क्षतिग्रस्त दोमेल से जखैनी तक के एक किलोमीटर हिस्से पर टाइल डालने का काम शुरू कर दिया गया है। इससे शहर की करीब पांच हजार आबादी को लाभ मिलेगा।
शहर के भीतर से गुजरने वाले पुराना राजमार्ग दोमेल क्षेत्र में लंबे समय से खस्ताहाल था। कई बार विभाग की तरफ से तारकोल बिछाकर इसकी मरम्मत भी की गई, लेकिन यहां बारिश का पानी रुकने के कारण सड़क को नुकसान पहुंच रहा था। इससे शहरवासी काफी परेशान थे और वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
शहरवासी लंबे समय से इस हिस्से की मरम्मत की मांग कर रहे थे। अब ग्रेफ की तरफ से सड़क के इस हिस्से पर तारकोल की जगह टाइल बिछाने का काम शुरू किया गया है। इससे शहरवासियों ने राहत की सांस ली है।
इन क्षेत्रों के लोग हैं सड़क पर निर्भर
इस राजमार्ग पर शहर के दलाह, जखैनी, गंगेड़ा, उमाला, भारत नगर, लड्डन, सुभाष नगर और दोमेल आदि क्षेत्रों की पांच हजार आबादी निर्भर है। साथ ही इसी मार्ग से उधमपुर से जम्मू, रामबन, चिनैनी, डोडा और किश्तवाड़ के लिए वाहनों की आवाजाही होती है।
पुराना राजमार्ग और धार रोड है काफी महत्वपूर्ण
शहर के भीतर से गुजरने वाला पुराना राजमार्ग और धार रोड काफी महत्वपूर्ण है। इससे रोजाना हजारों की संख्या में यात्री वाहन गुजरते हैं। दोमेल इलाके में मार्ग की हालत काफी खराब थी। यहां पड़े गड्ढे वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए थे।
नया राजमार्ग बनने के बाद से दोमेल इलाके में पुराने राजमार्ग की हालत काफी ज्यादा खस्ताहाल बनी हुई थी। दोेमेल से लेकर जखैनी चौक तक बड़े-बड़े गड्ढे बन गए थे। इससे लोग काफी परेशान थे और मरम्मत की मांग कर रहे थे। लेकिन, अब टाइल वर्क से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
-
पवन देव सिंह, स्थानीय निवासी
दोमेल से जखैनी तक के इलाके में कई दुकानें, कांप्लेक्स, होटल, गैस एजेंसी, रेस्टोरेंट और स्कूल हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में उधमपुर के बाहर से वाहनों की शहर में आवाजाही होती है। ऐसे में यहां सड़क की जर्जर हालत से लोग व चालक परेशान थे। अब टाइल बिछाने से उम्मीद है कि समस्या का स्थायी समाधान होगा।
-
जुगल किशोर, स्थानीय निवासी
टाइल वर्क शुरू करके ग्रेफ ने लोगों को राहत दी है। करीब डेढ़ दशक से चली आ रही समस्या का समाधान हुआ है। खासकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग समस्या से परेशान थे। बारिश में गड्ढों में पानी भरने से समस्या बढ़ जाती थी। लेकिन, अब राहत मिलने की संभावना है।
-
अंकित शर्मा, स्थानीय निवासी
इस समस्या से छुटकारा दिलाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। लेकिन, हर बार खानापूर्ति होती थी। बारिश होने पर जलभराव और आम दिनों में गड्ढों के कारण हादसों का अंदेशा बना रहता था। दुकानदारों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा था। अब टाइल डाले जाने से समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।
-
सुनील गुड्डा, स्थानीय निवासी
यह कुल तीन करोड़ रुपये की परियोजना है। इसके तहत शहर के भीतर जखैनी चौक से लेकर फ्लाटा तक करीब 15 किमी पुराने राजमार्ग पर सभी जगह मरम्मत का काम पूरा किया जाएगा।
-
रंजीत, जेई, ग्रेफ, उधमपुर