एडीसी ने बैठक कर तैयारियों को दिया अंतिम रूप, अधिकारियों को दिए दिशानिर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
भद्रवाह। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सुदर्शन कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को एक बैठक हुई। इसमें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इसमें बताया गया कि मुख्य समारोह हायर सेकेंडरी स्कूल भद्रवाह में मनाया जाएगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मुख्य अतिथि सुबह 8:55 बजे तिरंगा फहराएंगे और मार्चपास्ट परेड की सलामी लेंगे। परेड में पुलिस, एनसीसी सीनियर डिवीजन, गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज (जीडीसी), एनसीसी जूनियर डिवीजन, बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल भद्रवाह सहित विभिन्न सरकारी व निजी स्कूलों की टुकड़ियां शामिल होंगी। दिन की शुरुआत सुबह सूचना विभाग की ओर से शहनाई वादन के साथ होगी।
चर्चा की गई अतिरिक्त व्यवस्थाओं में सुरक्षा, प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छता, आग और आपातकालीन सेवाएं, बैठने की व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, पीने का पानी और निमंत्रण कार्ड जारी करना शामिल था। विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने सरकारी भवनों व कार्यालयों को रोशन करने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम के लिए फुलड्रेस रिहर्सल 13 अगस्त को सुबह 10:30 बजे होगी।
बैठक में 33वीं बटालियन सीआरपीएफ, चौथी आरआर, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी, लेखा अधिकारी बीडीए, ईओ एमसीबी, बीएमओ, बीडीओ, एईई जल शक्ति, एईई पीएमजीएसवाई, एईई पीडीडी, जेडईओ, जेडईपीओ और अन्य विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।