तैयारियां पूर्ण, पहले सोमवार के दिन बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। पवित्र सावन माह की शुरूआत 22 जुलाई से हो रही है। इसके चलते माह भर भोले बाबा के मंदिरों में जयकारे गूंजते रहेंगे। पहले सोमवार को शिवालयों में जलाभिषेक और धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन और मंदिर कमेटियों की ओर से तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
देविका मंदिर समूह सहित हाउसिंग कालोनी के शिव मंदिर और दूधाधारी मंदिर में विशेष तैयारी की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विल्व पत्र और जल आदि का विशेष प्रबंध किया गया है। मंदिरों को विशेष तौर पर सजाया गया है। इस दौरान सुरक्षा को लेकर भी कड़े प्रबंध रहेंगे।
सनातन धर्म में सावन मास के साथ ही इसके सोमवार का विशेष महत्व है। सोमवार को शिव भक्ति का सबसे अच्छा दिन माना जाता है। मान्यता है कि सोमवार के दिन शिव की भक्ति और उनका जलाभिषेक करने पर शिव की अपार कृपा मिलती है भगवान शंकर प्रसन्न होते है और भक्तों की सभी मनोकामना पूरी करते हैं। इस बार सावन महीने की शुरूआत सोमवार से शुरू होगी और इसका समापन भी सोमवार को होगा, इसलिए इस बार इस संयोग को श्रद्धालु काफी लाभदायक मान रहे हैं।
सावन माह में भगवान भोले नाथ को प्रसन्न करने के लिए भक्तों द्वारा विभिन्न तरह के धार्मिक अनुष्ठान व भंडारों आदि का आयोजन भी किया जाएगा।