अलमारी का ताला नहीं टूटने पर मोबाइल पर किया हाथ साफ
शहर के स्याल सल्लन का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। चुनावी सीजन में कड़ी सुरक्षा के बीच शहर से घर के बाहर खड़ी बाइक चोरी होने के साथ ही एक अन्य घर में वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया गया है। हालांकि, दूसरे घर में अलमारी का ताला नहीं टूटने पर चोर मोबाइल उड़ाने में सफल रहे हैं। इससे लोगों में दहशत है।
इन वारदातों को चोरों ने सोमवार देर रात को शहर के स्याल सल्लन इलाके में अंजाम दिया है। पीड़ित परिवार के सदस्य सतपाल ने बताया कि देर रात ढाई से तीन बजे के बीच चोरों ने मोहल्ले के एक घर में भी चोरी का प्रयास किया है। जहां पहले अलमारी के लॉक को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन जब वह नहीं टूटा तो मोबाइल चुराकर ले गए। इसके बाद उनके घर के बाहर भाई की बाइक (जेके14ई1281) पर हाथ साफ किया।
करीब आठ माह पहले भी बाइक चोरी हुई थी, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। लेकिन, अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने की मांग उठाई है। सुबह पीड़ित लोगों ने थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।