जीएमसी के कूड़ेदान में मिली नवजात का मामला
प्रबंधन बोला, अस्पताल में लगाए जाएंगे 20 से 25 सीसीटीवी कैमरे
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। बीते दिन जीएमसी अस्पताल परिसर में शौचालय के पास के एक कूड़ेदान से संदिग्ध परिस्थितियों में एक नवजात मिली थी। इस मामले में जीएमसी प्रबंधन ने पुलिस को सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सौंप दी है। वहीं, पुलिस की शुरूआती जांच में कुछ नहीं मिला है। अभी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
उधर, रविवार शाम को मिली नवजात स्वस्थ है और उसे शिशु वार्ड में डाक्टरों की निगरानी में रखा गया है। अस्पताल प्रबंधन ने भी मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है। सोमवार को अस्पताल परिसर मेें लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस को सौंपी गई।
उधर, मामले के बाद जीएमसी की सुरक्षा पर भी सवाल उठने लगे हैं। कोई व्यक्ति या महिला बाहर आकर नवजात को शौचालय के कूड़ेदान में डालकर चला गया। लेकिन, किसी को कोई जानकारी ही नहीं है। अस्पताल में सुरक्षा को लेकर सिक्योरिटी गार्ड के साथ साथ अस्पताल के प्रवेश द्वार पुलिस की तैनाती है। इस मामले में अस्पताल प्रशासन को सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त करने की जरूरत है।
महिला ने बाहर से आकर इस नवजात को कूड़ेदान में रखा है। यह नवजात एक-दो दिन की है। मामला गंभीर है और इस पर कड़ा संज्ञान लिया जा रहा है। अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 20 से 25 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। नवजात की हालत स्थिर है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज दी गई है, जिसमें एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में आते-जाते दिखाई दे रही है। लेकिन, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
- मृत्युंजय गुप्ता, प्रिंसिपल, जीएमसी, उधमपुर
इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। जीएमसी से सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच कुछ नहीं मिला है। फिलहाल, जांच जारी है।
- पह्लाद सिंह, डीएसपी हेडक्वार्टर, उधमपुर