सौंदर्यीकरण और देविका को स्वच्छ बनाने के लिए विशेष कदम उठाने की तैयारी में जिला प्रशासन
कूड़े की समस्या से निपटने के लिए नप के साथ बनाई योजना
लोनिवि को सौंपा देविका नदी के तट पर बने पार्क की देखभाल व मरम्मत का जिम्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर के सौंदर्यीकरण और देविका को स्वच्छ बनाने के लिए जिला प्रशासन विशेष कदम उठाने की तैयारी में है। जल्द ही शहर के प्रवेशद्वार पर 25 लाख रुपये की लागत दो स्वागत गेट का निर्माण होगा। साथ ही देविका में बाढ़ के कारण पैदा होने वाली अव्यवस्था से निपटने के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए डीसी सलोनी रॉय ने नगर परिषद सहित अन्य विभागों के अधिकारियों से बैठक की। साथ ही मौजूदा सत्र के दौरान शहर के उत्थान के लिए उठाए जाने वाले कदमों को लेकर रणनीति बनाई।
डीसी ने देविका की पवित्रता को कायम रखने के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों, शहर के सौंदर्यीकरण व कूड़े की समस्या से निपटने के लिए नगर परिषद के साथ मिलकर विशेष योजना बनाई। साथ ही देविका नदी के तट पर बने पार्क की देखभाल एवं मरम्मत की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई।
शहर की सुंदरता को बढ़ाने के लिए नगर परिषद की ओर से दो स्वागत गेट बनाए जाएंगे। इनके निर्माण के लिए 25 लाख रुपये जारी हुए हैं। एक पुराने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ओमाड़ा मोड़ व दूसरा जखैनी चौक पर बनाया जाएगा।
देविका नदी की गरिमा को बरकरार रखने के लिए सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग बारिश के दौरान बाढ़ से देविका स्थल को पहुंचने वाले नुकसान का आकलन करेगा। साथ ही समस्या से निजात के उचित उपाय किए जाएंगे, ताकि बाढ़ के कारण कचरे व गंदे पानी से लबालब होने वाले देविका घाट, तट, कर्म स्थल, कुंड एवं प्राकृतिक जलस्रोतों को बचाया जा सके। गौरतलब रहे कि दस दिन में हुई दो मुसलाधार बारिशों से देविका नदी में आई बाढ़ से तट पर कूड़ा व गंदगी फैल गई थी। साथ ही बावलियां व कुंड दूषित हो गए थे।
देविका परिसर में क्षतिग्रस्त टाइल की जल्द होगी मरम्मत
लोक निर्माण विभाग को देविका परिसर में बने पार्क में क्षतिग्रस्त टाइलों के अलावा अन्य मरम्मत कार्य जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका मकसद देखरेख के अभाव के कारण पार्क को पहुंची क्षति और अव्यवस्था को दुरुस्त करना है। खासकर देविका स्थल की महत्ता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाए गए पार्क में पर्यटकों एवं यात्रियों को भी लाभ मिल सके।
कूड़े से निपटेगा सिटी एक्शन प्लान
नगर परिषद कचरे की समस्या को दूर करने के लिए सिटी एक्शन प्लान तैयार करेगा। इसमें शहर में जगह-जगह बनाए गए डंपिंग स्टेशनों की समस्या को दूर करने को लेकर परियोजना बनाई जाएगी। शहर में कूड़ा जमा करने की बजाए सीधा सुई में रिसाइकिलिंग एवं कूड़ा निस्तारण यूनिट में स्थानांतरित कर समस्या से निजात दिलाई जाएगी।
शहर के सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख रुपये की लागत से दो स्वागत गेट बनाए जाएंगे। कचरे की समस्या को दूर करने के लिए सिटी एक्शन प्लान को दो हफ्तों में तैयार कर डीसी को सौंपा जाएगा। इससे लोगों को शहर में जगह-जगह बने डंपिंग स्टेशनों से निजात मिलेगी।
- विशाल सडोत्रा, सीईओ, नगर परिषद, उधमपुर