हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों से मिला स्थानीय लोगों का प्रतिनिधिमंडल
संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। स्थानीय लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों से मिला। इस दौरान जम्मू-श्रीनगर हाईवे से चिनैनी-चंप्याड़ी सड़क के लिए रास्ता देने की मांग उठाई। साथ ही हाईवे अथॉरिटी की टीम को चिनैनी चंप्याड़ी सड़क तक लेकर स्थिति से अवगत करवाया।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे नगर पालिका के पूर्व उप प्रधान अमित अबरोल सहित अन्य लोगों ने अथॉरिटी के अधिकारियों को बताया कि हाईवे पर जाम लगने की सूरत में चिनैनी क्षेत्र के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। हाईवे पर चिनैनी-चंप्याड़ी सड़क के लिए कोई भी क्रॉसिंग पॉइंट नहीं है। इस कारण क्षेत्र के लोगों को भी घंटों तक जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। चंप्याड़ी से घंटवाल के लिए भी संपर्क सड़क है, लेकिन कोई क्रॉसिंग पॉइंट नहीं है। इसलिए चिनैनी-चंप्याड़ी सड़क के लिए हाईवे पर क्रॉसिंग पॉइंट दिया जाए।