जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर समरोली क्षेत्र में सुबह की घटना
पुलिस, सीआरपीएफ ने लोगों और स्टॉफ को समय पर बाहर निकाल टाला बड़ा हादसा
चिनैनी से एक और उधमपुर से पहुंचे दो दमकल वाहनों की मदद से बुझाई आग
संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर समरोली के एक होटल की दूसरी मंजिल में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से काफी नुकसान हुआ है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, सीआरपीएफ और दमकल कर्मियों ने समय पर होटल के स्टॉफ और लोगों को बाहर निकाल कर बड़ा हादसा टाल दिया। चिनैनी से दो और उधमपुर से पहुंचे एक दमकल वाहन की मदद से करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार समरोली क्षेत्र में स्थित होटल की दूसरी मंजिल में वीरवार सुबह करीब आठ बजे संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इससे होटल में अफरा-तफरी मच गई। होटल में धुआं भर गया। इस दौरान होटल में स्टॉफ और लोग भी थे। आग की सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी गई। सूचना के बाद मौके पर पर पहुंची पुलिस, सीआरपीएफ और होटल कर्मियों ने सबसे पहले होटल में मौजूद लोगों और स्टॉफ को डंपर की मदद से बाहर निकाला। चिनैनी से दो और उधमपुर से पहुंचे एक दमकल वाहन की मदद से करीब ढाई घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया गया। लेकिन, तब तक होटल में काफी नुकसान हुआ है। होटल के मालिक उत्तम सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। लेकिन, लाखों रुपये नुकसान हुआ है।