जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर रात को चिनैनी के प्रेमनाथ मंदिर के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। चिनैनी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर बरात से लौट रही मेटाडोर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में एक किशोरी की मौत हो गई। उसकी पहचान बबली देवी (14) निवासी नगुलता चिनैनी के रूप में हुई है। मेटाडोर उधमपुर से चिनैनी की ओर आ रही थी।
जानकारी के अनुसार शनिवार की देर रात को बरात से लौट रही मेटाडोर हाईवे पर प्रेम मंदिर के पास पहुंची। इस दौरान हाईवे किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में मेटाडोर में बैठी किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को तुरंत हाईवे की एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चिनैनी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों में उसे मृतक घोषित कर दिया।
मेटाडोर में 15 लोग सवार थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर मेटाडोर को सीज कर चालक को हिरासत में ले लिया है। रविवार सुबह पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।