संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहीद कैप्टन तुषार महाजन मेमोरियल ट्रस्ट की तरफ से रविवार को उधमपुर के प्रतिष्ठित सेवानिवृत्त शिक्षाविदों और मेधावी छात्रों को बोर्ड व विश्वविद्यालय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
एमएच रोड उधमपुर में स्थित रिवायत वैंक्वेट हॉल में एक समारोह आयोजित किया गया। जिले में नीट और बोर्ड व विश्वविद्यालय परीक्षाओं में असाधारण प्रदर्शन करने वाले 56 मेधावी छात्रों और प्रख्यात सेवानिवृत्त शिक्षाविदों को मुख्य मेहमान जम्मू विश्वविद्यालय के अकादमिक मामलों के डीन प्रोफेसर जेपी सिंह जूरेल ने सम्मानित किया। जम्मू विश्वविद्यालय में समाजशास्त्र के विभागाध्यक्ष प्रो. विश्व रक्षा और राजकीय महिला काॅलेज उधमपुर के प्रोफेसर अजय शर्मा विशिष्ट अतिथि थे। ट्रस्ट के अध्यक्ष देव राज गुप्ता, आशा गुप्ता और वरिष्ठ सदस्य सतीश चोपड़ा, रंजीत परिहार, विकास मन्हास आदि उपस्थित थे।
प्रतिष्ठित सेवानिवृत्त शिक्षाविदों अशोक कुमार सदोत्रा (उप निदेशक युवा सेवाएं एवं खेल), संयुक्त निदेशक मोहिंदर प्रकाश बुच्चा, क्षेत्रीय कार्यकारी अधिकारी बिशन दास, प्रधानाचार्य स्वामी चिन्मय ज्योति, अध्यक्ष बीबीएसवी, पीठ और वरिष्ठ ट्रस्ट सदस्य एवं समाजसेवी सतीश चोपड़ा को भी सम्मानित किया गया। उन्हें स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट किया गया। हैप्पी मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल और ब्रह्मऋषि विद्या पीठ स्कूल के विद्यार्थियों ने सामूहिक रंगारंग व देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने छात्रों से अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए नए क्षेत्रों में कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने छात्रों को अपनी जड़ों से जुड़े रहने और अपनी मातृभूमि का अभिन्न अंग बनकर सिविल सेवा परीक्षाओं में भाग लेने की सलाह दी। बलिदानी के पिता और ट्रस्ट के अध्यक्ष देव राज गुप्ता ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।