उधमपुर। ब्लॉक लाटी मारौठी में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) विभाग सीरा शिव गली से किरकरी तनाल पक्सू तक 13.50 किलोमीटर लंबी सड़क का 32.12 करोड़ की लागत से निर्माण करेगी। इससे क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी हे।
इस सड़क के बनने से कई पंचायतों का आपस में संपर्क जुड़ेगा। जिला विकास परिषद (डीडीसी) की सदस्य पिंकी देवी ने बताया कि वह सड़क बनवाने के लिए पिछले चार साल से प्रयास कर रही थीं। उन्होंने क्षेत्र में होने वाली प्रशासनिक बैठकों व ब्लॉक दिवस पर भी जोरशोर से यह मुद्दा उठाया था। अब जाकर सड़क बनाने की मंजूरी मिली है। उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से सीधा लिंक लाटी तहसील से जुड़ जाएगा। क्षेत्र में सड़क न होने से लोगों को 40 से 50 किलोमीटर का सफर तय कर लाटी पहुंचना पड़ता था। सड़क के बनने से यह सफर 13 किलोमीटर का रह जाएगा।
उन्होंने बताया कि सड़क न होने की वजह से लोग तवी नदी को पार कर आते-जाते हैं लेकिन अब सड़क बनने के साथ ही तवी नदी पर पुल भी बनाया जाएगा। इससे लोगों को पैदल तवी नदी पार करने में आ रही परेशानी से भी निजात मिलेगी।
कोट...
विभाग ने सड़क निर्माण कार्य को लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके पूरा होते ही सड़क का काम शुरू कर दिया जाएगा।
-सुधांशु रैना, जेई, पीएमजीएसवाई विभाग