ट्रस्ट की ओर से शिवालिक कॉलेज ऑफ एजुकेशन में हुआ कार्यक्रम
राष्ट्र प्रथम विषय पर हुए चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहीद तुषार महाजन मेमोरियल ट्रस्ट की तरफ से उधमपुर के सपूत शहीद कैप्टन तुषार महाजन की 35वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर मातृभूमि के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शाम को मोमबत्तियां जलाई गईं और ट्रस्ट की ओर से केक भी काटा गया।
ट्रस्ट की ओर से शिवालिक कॉलेज ऑफ एजुकेशन में एक कार्यक्रम हुआ, जिसमें जिसमें कॉलेज और हैप्पी मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने शहीद के जीवन और देश के लिए उनके बलिदान पर प्रकाश डाला। साथ ही उनकी याद में देशभक्ति गीत भी प्रस्तुत किए। वहीं, राष्ट्र प्रथम विषय पर चित्रकला, भाषण और कविता प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रो. देव राज गुप्ता, डॉ. विक्रम गुलाटी और रंजीत परिहार ने कहा कि हमारे नायकों विशेषकर शहीदों का सम्मान करना जरूरी है, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। इससे देशभक्ति और देश के लिए जुड़ाव की भावना पैदा होती है। राष्ट्र के लिए उनका साहस, समर्पण और बलिदान हमेशा याद किया जाएगा। गुप्ता ने कैप्टन तुषार की शहादत के बाद समाज के कल्याण के लिए ट्रस्ट द्वारा वर्ष भर की जा रही विभिन्न गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला।
इस मौके पर चित्रकला, भाषण और कविता प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें बीएड कॉलेज के प्रशिक्षुओं सहित स्कूल के छात्रों ने भाग लिया। जूनियर वर्ग में भाषण प्रतियोगिता में शिवांश परिहार, महेशबीन और अरुण ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग में आरुषि, रितिका और दिव्यांशी ने पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। चित्रकला प्रतियोगिता में हरकीरत सिंह, अंश शर्मा और माही मन्हास ने क्रमश: पहला दूसरा तीसरा स्थान हासिल किया। कविता प्रतियोगिता में रुद्रांश, पिया और स्नेहा पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। कार्यक्रम में तुषार मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रो. देव राज गुप्ता, सचिव शेवतकेतु सिंह, शिवालिक कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्रिंसिपल डॉ. विक्रम गुलाटी, हैप्पी मॉडल के प्रिंसिपल मुनीश गुलाटी, ट्रस्ट के सदस्य रंजीत परिहार, विकास मन्हास, डॉ. योगेश्वर गुप्ता, सतीश चोपड़ा, दीपांकर गुप्ता, अधिवक्ता करुण रैना आदि उपस्थित रहे।