संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी सलोनी राय ने बीते सोमवार को दो सरकारी कर्मचारियों को निलंबित कर दिया। उक्त दोनों कर्मचारियों ने चुनाव संबंधी कर्तव्यों का पालन नहीं किया गया था। इससे चुनाव प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न हुई।
बताया जाता है कि क्षेत्रीय शिक्षा कार्यालय डुडु में प्रधान सहायक कुलभूषण कौल को पीठासीन अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया था। उन्हें अनिवार्य चुनाव प्रशिक्षण सत्र में भाग लेना था, लेकिन उन्होंने इसका अनुपालन नहीं किया। कई टेलीफोनिक संचार और औपचारिक सूचना के बावजूद उन्होंने ड्यूटी के लिए रिपोर्ट करने की उपेक्षा की। उनकी अनुपस्थिति को सेवा आचरण नियमों का गंभीर उल्लंघन माना गया। अपने निलंबन के दौरान कौल मुख्य शिक्षा अधिकारी उधमपुर के कार्यालय से जुड़े रहेंगे।
एक अन्य मामले में सरकारी मिडिल स्कूल कोठी जोन चिनैनी के शिक्षक और मतदान केंद्र नरसू के लिए नियुक्त बूथ स्तर अधिकारी जसवंत सिंह को चुनाव संबंधी कर्तव्यों का पालन नहीं करने पर निलंबित किया गया है। बीएलओ के रूप में जसवंत सिंह मतदाता सूची के एक भाग के प्रबंधन, घर-घर सत्यापन के माध्यम से इसकी सटीकता सुनिश्चित करने और चुनाव के दिन मतदाताओं की सहायता करने के लिए जिम्मेदार थे। जसवंत सिंह न केवल इन जिम्मेदारियों को पूरा करने में विफल रहे, बल्कि उचित अनुमोदन प्राप्त किए बिना अनधिकृत चिकित्सा अवकाश पर चले गए। उनकी छुट्टी 29 सितंबर को समाप्त हो गई। फिर भी ड्यूटी पर नहीं आए। उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। लेकिन जवाब असंतोषजनक था।