विधानसभा चुनाव 2024: डीईओ उधमपुर ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी सलोनी राय की अध्यक्षता में सोमवार को राजनीतिक दलों और विभिन्न प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक हुई। इसमें आदर्श आचार संहिता के पालन सहित आगामी विधानसभा चुनाव से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर मंथन किया गया। साथ ही स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने के महत्व पर जोर दिया।
बैठक में आदर्श आचार संहिता को लागू करना, चुनाव व्यय निगरानी प्रणाली, मीडिया प्रमाणन और निगरानी समिति, परिवहन प्रबंधन और व्यवस्थित मतदाता शिक्षा व चुनावी भागीदारी के तहत आयोजित की जाने वाली जागरूकता गतिविधियों पर चर्चा की गई। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया की अखंडता बनाए रखने में राजनीतिक दलों और उनके उम्मीदवारों की जिम्मेदारियों को रेखांकित किया और उनसे आगामी आम विधानसभा चुनाव, 2024 के मद्देनजर भारत के चुनाव आयोग द्वारा स्थापित दिशा निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया।
इसके अलावा, जिला प्रमुखों और राजनीतिक प्रतिनिधियों को सी-विजिल सहित विभिन्न ई-ऐप पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। यह ऐप नागरिकों को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन, सुविधा उम्मीदवार ऐप, मतदाता हेल्पलाइन ऐप जो अपने उम्मीदवार को जानने व उल्लंघन की रिपोर्ट करने में सक्षम बनाते हैं।
यह ऐप, स्वीप पोर्टल, शपथ पत्र पोर्टल और अन्य एप्लिकेशन सुचारू और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए डिजाइन किए गए हैं। डीईओ ने राजनीतिक प्रतिनिधियों को पेड न्यूज और विज्ञापनों के पूर्व-प्रमाणन प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अनिरुद्ध राय, सहायक आयुक्त राजस्व डॉ. उमेश शान, एसडीएम रामनगर रफीक अहमद जराल सहित अन्य अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल थे।