स्वीप के तहत हुआ रंगोली बनाओ कार्यक्रम, मतदाताओं को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिला चुनाव प्रकोष्ठ उधमपुर की तरफ से व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं चुनावी भागीदारी कार्यक्रम के तहत डीसी कार्यालय एवं जिला न्यायालय परिसर में लोकतंत्र के रंग शीर्षक से रंगोली बनाने का कार्यक्रम हुआ। इस मौके पर जिला चुनाव अधिकारी सलोनी राय मुख्य अतिथि और एडीडीसी राजिंदर सिंह विशिष्ट अतिथि थे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं को रचनात्मक और संवादात्मक तरीके से जोड़ना था, ताकि उनके मतदान के अधिकार के महत्व को उजागर किया जा सके।स्वीप की नोडल अधिकारी डॉ. प्रीति शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान बहुमूल्य जानकारी प्रदान की और मतदान प्रक्रिया के बारे में जागरूकता फैलाई। छात्रों ने मतदान अधिकार और चुनावी भागीदारी जैसे विषयों को दर्शाते हुए रंग-बिरंगे रंगोली पैटर्न तैयार करके अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
डीईओ ने युवा मतदाताओं को अपने परिवार, दोस्तों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों को आम विधानसभा चुनाव-2024 में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस बीच, जिले के शैक्षणिक संस्थानों में म्यूजिकल चेयर इवेंट सहित कई स्वीप गतिविधियां भी आयोजित की गईं। कार्यक्रम के दौरान, चुनाव-थीम वाले गीत बजाए गए और प्रतिभागियों ने काफी उत्साह दिखाया।