डोडा। पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) में बैठकर डोडा में आतंकवाद को जिंदा करने की साजिश में शामिल दो दुर्दांत आतंकियों को भगोड़ा घोषित किया गया है। इसके साथ ही दो दहशतगर्दों की संपत्तियां कुर्क की गई हैं। आतंकवाद के दौर में सक्रिय अन्य आतंकियों जो फिलहाल पाकिस्तान से आतंकी गतिविधियों को संचालित करने के साथ ही सोशल मीडिया के जरिये युवाओं को बरगलाने में शामिल हैं, उनके खिलाफ भी कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू की गई है। डोडा पुलिस ने आतंकवाद पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह कार्रवाई शुरू की है।
कोर्ट के आदेश पर किश्तवाड़ के दुल मुगल मैदान निवासी आतंकी लाल दीन की मुगल मैदान में 12 कनाल 18 मरला जमीन कुर्क कर ली गई। इस आतंकी के खिलाफ 2018 में डोडा के देसा थाने में मुकदमा दर्ज है, तबसे वह फरार चल रहा है। इसके साथ ही पाकिस्तान में बैठे खानपुरा फागसू निवासी आतंकी अब्दुल राशिद की चार कनाल ढाई मरले जमीन जब्त की गई। उसके खिलाफ ठाठरी थाने में 1997 में मुकदमा दर्ज है। कोर्ट के आदेश पर दुर्दांत आतंकी मोहम्मद आमिन उर्फ खुबैब निवासी कठवा फागसू तथा मोहम्मद अशरफ निवासी काकू गंदोह को भगोड़ा घोषित किया गया है। वर्तमान में दोनों पाकिस्तान तथा पीओजेके में हैं। नब्बे के दशक में नागरिकों व सुरक्षा बलों पर हमले तथा अन्य आतंकी घटनाओं में शामिल रहे हैं। बाद वे घुसपैठ कर पाकिस्तान चले गए और वहीं से अपनी गतिविधियां पीर पंजाल में चला रहे हैं। खुबैब की उधमपुर धमाका में हाथ होने की पुष्टि हो चुकी है।
ये भगोड़ा घोषित
इसके अलावा गंभीर अपराधों में शामिल रहे अपराधियों को भगोड़ा घोषित किया गया है। इनमें इरशाद बशीर पुत्र बशीर अहमद शेख निवासी बटोत (वर्तमान में नगर भद्रवाह), राम सिंह पुत्र दलेर सिंह निवासी पुनाकर तहसील गुंदना जिला डोडा, परशोतम सिंह पुत्र पारस राम निवासी द्रमन थानोट तहसील राजगढ़ जिला रामबन, परमान सिंह पुत्र कृष्ण सिंह निवासी मंडोले तहसील कास्तीगढ़ जिला डोडा, बलबीर सिंह पुत्र दौलत राम निवासी केल्लार भद्रवाह, रतन सिंह पुत्र स्वामी राज निवासी चौधरी तहसील भाल्ला, सज्जाद अहमद पुत्र गुलाम मोहम्मद भट निवासी चिल्ली पिंगल, अंकुश कुमार पुत्र सतपौल निवासी चिरया तहसील ठाठरी, शाह दीन उर्फ सलीम पुत्र अब्दुल मजीद भट निवासी त्रानकल तहसील कहारा जिला डोडा, शाह दीन पुत्र फकीर मोहम्मद निवासी त्रानकल तहसील कहारा, बशीर अहमद पुत्र मोहम्मद मुस्सा गुज्जर निवासी मलाठ तहसील चिल्ली गंदोह, गुलाम कादिर पुत्र मेहर बकाश गुज्जर निवासी मलाठ कुटी गहसील गंदोह शामिल हैं।
किश्तवाड़ में भी कई आतंकियों पर हो चुकी है कार्रवाई
इससे पहले किश्तवाड़ पुलिस भी कई आतंकियों की संपत्तियां जब्त कर चुकी है। साथ ही उनके मकान भी गिराए जा चुके हैं। पुलिस ने 36 आतंकियों के खिलाफ इंटरपोल का नोटिस भी जारी किया है। यह सभी आतंकी पाकिस्तान तथा पीओजेके में बैठकर अपना नेटवर्क चला रहे हैं।