उधमपुर। बरसात का मौसम खत्म होने के कगार पर है। पिछले साल की तरह ही इस साल भी बरसात के अंतिम चरण में जिले में डेंगू का डंक लगातार बढ़ने लगा है। शनिवार तक कुल 4 मामले सामने आए थे और अब सोमवार को एक और नया मामला सामने आया है जिससे जिले में डेंगू के कुल सक्रिय मामलों की संख्या बढकर 5 हो गई है। इसने स्वास्थ्य विभाग की चिंता को भी बढ़ा दिया है।
सोमवार को सामने आया नया मामला शहर के करण नगर इलाके का है। इसके सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने करण नगर व इसके आसपास के इलाके में भी अलर्ट होकर काम करना शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों के घरों में जाकर जांच कर जागरूकता फैला रही हैं। सोमवार को भी स्वास्थ विभाग की टीमों ने करण नगर व इसके आसपास के इलाकों के घरों की जांच की। जहां पर भी पानी नजर आया उसको नष्ट किया। लोगों को जागरूक करने के साथ कई लोगों के स्लाइड टेस्ट भी किए गए।
मौजूदा समय में बारिश होने के बाद उमस कम होने से तापमान में थोड़ी गिरावट आ रही है और इससे पानी जमा होने पर डेंगू के मच्छर पनपने की संभावना भी बढ़ती जा रही है। वर्ष 2023 में सप्ताह पहले डेंगू के दो मामले सामने आए थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को जागरूक करना शुरू कर दिया और शनिवार को दो और डेंगू के मामले सामने आने के बाद अब एक और नया मामला सामने आया है। इससे कुल मामलों की संख्या अब पांच हो गई है।
मामले बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग ने ज्यादा सतर्कता के साथ लोगों के घरों में जांच बढ़ाने के साथ ही जागरूक करना भी शुरू किया है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि अपने घर या आसपास पानी जमा न होने दें क्योंकि, जमा पानी में मलेरिया व डेंगू के मच्छर पैदा होते हैं। पानी की टंकियों को हमेशा ढककर रखें। सप्ताह में एक बार कूलर, पानी के ड्रम, गमलों, फूलदान और पक्षियों के बर्तन में रखे पानी को जरूर बदलें। शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहनें, ताकि मच्छर काट न पाएं। डेंगू से संबंधित कोई भी लक्षण नजर आने पर तुरंत जांच करवाएं।
कंपकपी के साथ बुखार आए तो जांच करवाएं
स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि शरीर में कंपकपी पैदा होना, तेज बुखार होना, शरीर में तेज दर्द होना, ज्यादा पसीना आना डेंगू के प्रमुख लक्षणों में शामिल हैं। अगर इनमें से कोई भी लक्षण नजर आते हैं तो इन्हें बिल्कुल भी अनदेखा न करें और इन लक्षणोंं की स्थिति में अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र व अस्पताल जाकर मलेरिया व डेंगू की जांच तुरंत करवाएं।