जिले के सुंड गली गांव में दो तेंदुओं ने सोमवार की सुबह जमकर उत्पात मचाया। तेंदुओं ने एक ग्रामीण की पांच भेंड़ों को निवाला बना लिया और दस को जख्मी कर दिया।
ग्रामीण शामलाल गद्दी के अहाते में बड़ी संख्या में भेंडे़ें बंधी थीं। सोमवार की अलसुबह दो तेंदुओं ने भेंड़ों पर हमला बोल दिया। तेंदुओं ने पांच भेड़ों को मारकर खा लिया और दस को अधमरा कर छोड़ दिया।
भेंड़ों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख तेंदुए भाग गए। घटना के बारे में ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों को सूचित किया, लेकिन देर शाम तक कोई अधिकारी या कर्मचारी सुध लेने नहीं पहुंचा था। इससे ग्रामीणों में रोष है।
इस बीच पूर्व एमएलए अशोक कुमार ने मांग की है कि पीड़ित को मुआवजा दिया जाए। साथ ही इस क्षेत्र में वर्ल्ड लाइफ डिपार्टमेंट का कर्मचारी तैनात किया जाए। वहीं, बटोत, त्रिलंगा, कोठरी, बुनबाड़ी आदि क्षेत्रों में भी तेंदुए देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत है। डर के मारे ग्रामीणों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जाए। क्षेत्र में विभाग का कर्मचारी तैनात किया जाए।